
advertisement
एक महिला की दूध की दुकान पर तोड़फोड़ करते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में अपने वो अपने पति से मिले धोखे की बात रही है. लेकिन इसके साथ एक झूठा दावा किया जा रहा है कि एक मुस्लिम लड़के ने एक हिंदू लड़की को शादी के नाम पर धोखा दिया है.
हालांकि, जूनी इंदौर के चीफ पुलिस सुपरिंटेंडेंट दिशेष अग्रवाल ने क्विंट को बताया कि लड़का-लड़की एक ही धर्म और जाति के हैं.
कई यूजर ने वीडियो को इस दावे के साथ शेयर किया है, "झूठ बोलकर दो बच्चों के बाप मुस्लिम युवक ने हिन्दू लड़की से आर्य समाज मंदिर में शादी की! सच्चाई सामने आईं तो हंगामा खड़ा होना ही था हिन्दू लड़की अब अपने तकदीर को कोस रही हैं!"
क्विंट को इस वीडियो के बारे में उसकी WhatsApp हेल्पलाइन पर भी सवाल मिले थे.
वायरल वीडियो के बारे में एक कीवर्ड सर्च से हमें दैनिक भास्कर की 14 अक्टूबर की रिपोर्ट मिली, जिसमें बताया गया था कि ये वीडियो मध्य प्रदेश के इंदौर के भंवरकुआं का है.
महिला की पहचान नेहा पाटिल के रूप में हुई थी और महिला को उसके पति आनंद पाटिल ने धोखा दिया था. आनंद की दुकान में ही महिला तोड़फोड़ कर रही थी.
हमें ऐसी ही रिपोर्ट एक स्थानीय न्यूज आउटलेट MP Breaking News पर भी मिली, जिसमें बताया गया था कि शख्स ने महिला से झूठ बोला था और खुद को अनाथ बताकर 2017 में एक आर्य समाज मंदिर में शादी की थी.
बाद में महिला को पता चला कि शख्स की पहले से एक बीवी और दो बच्चे हैं और वो दूसरी बीवी के साथ अब नहीं रहना चाहता.
जूनी इंदौर के चीफ पुलिस सुपरिंटेंडेंट दिशेष अग्रवाल ने क्विंट को बताया, "पति और पत्नी दोनों ही एक धर्म से हैं. दोनों ही पाटिल जाति के हैं."