
advertisement
ईरान-इजरायल के बीच बीते कुछ दिनों से युद्ध जारी है. इजरायल-US के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खुमैनी मारे गए थे, जिसके बाद इजरायल और ईरान के बीच मिसाइल के हमले जारी हैं.
दावा: इस बीच सोशल मीडिया पर इजरायल के तेल अवीव में एक बिल्डिंग में आग लगने का वीडियो इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि यह हालिया ईरानी हमले के बाद हुआ है.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो हालिया नहीं है बल्कि 2024 से इंटरनेट पर मौजूद है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमें यही वीडियो War Intel नाम के X यूजर के अकाउंट पर मिला.
इस अकाउंट पर वीडियो को 26 अक्टूबर 2024 को अपलोड किया गया था.
इस वीडियो के कैप्शन में लिखा था, "तेल अवीव की एक बिल्डिंग में भीषण आग, 7 फायर टीमें आग बुझाने में लगी हैं. आग लगने का कारण पता नहीं चला है."
यह वीडियो 2024 से इंटरनेट पर मौजूद है.
(सोर्स - स्क्रीनशॉट/X)
हमें यही वीडियो इजरायली न्यूज चैनल N12 के आधिकारिक X अकाउंट पर मिली जिसे 26 अक्टूबर 2024 को अपलोड किया गया था.
इस पोस्ट में हिब्रू भाषा में लिखा था कि, "तेल अवीव की एक बिल्डिंग में भीषण आग, 7 फायर टीमें आग बुझाने में लगी हैं. आग लगने का कारण पता नहीं चला है."
इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च करने पर हमें The Jerusalem Post की 26 अक्टूबर 2024 की यह न्यूज रिपोर्ट मिली जिसमें लिखा था कि, "शनिवार को तेल अवीव में कॉर्किडी स्ट्रीट पर एक रिहायशी बिल्डिंग में आग लग गई. फायरफाइटिंग टीमों ने आग बुझाने और फंसे हुए लोगों को ढूंढने के लिए कई इलाकों में काम किया. इलाके के लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह दी गई."
निष्कर्ष: तेल अवीव की एक बिल्डिंग में आग लगने के पुराने वीडियो को हालिया इजरायल-ईरान युद्ध से जोड़कर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)