
advertisement
सोशल मीडिया पर राजस्थान के श्रीगंगानगर में हाल में हुए 13 वर्षीय लड़की के साथ हुए रेप के मामले को लेकर कई तरह के दावे वायरल हैं. ऐसा ही एक वीडियो वायरल है, जिसमें चौराहे पर कुछ लोगों को फांसी के फंदे पर झूलता देखा जा सकतता है. दावा है कि ये वीडियो रेप केस के आरोपियों को बीच चौराहे पर फांसी दिए जाने का है.
क्या ये सच है ? : वायरल वीडियो असली घटना का नहीं, बल्कि ये उत्तरप्रदेश के अलिगढ़ में मुहर्रम के मातम के दौरान का है.
हमने ये सच कैसे पता लगाया ? : वायरल वीडियो को गूगल लेंस के जरिए सर्च करने पर हमें एक इंस्टाग्राम पोस्ट पर वीडियो का थोड़ा क्लियर वर्जन मिला, जो दूसरे एंगल से शूट किया गया था.
सबसे पहले हमने वायरल हो रहे वीडियो और इंस्टाग्राम पर मिले क्लियर वर्जन वाले वीडियो का मिलान किया, जिससे पुष्टि हो सके कि दोनों एक ही हैं या नहीं.
वीडियो में समानताएं
सोर्स : स्क्रीनशॉट/इंस्टाग्राम/फेसबुक/Altered by The Quint
वीडियो में मिली कुछ समानताओं से ये स्पष्ट हुआ कि दोनों वीडियो एक ही घटना के हैं. अब आगे हमें ये पता लगाना था कि वीडियो कहां का है.
इंस्टाग्राम पोस्ट पर आए कुछ कमेंट्स में ये उल्लेख था कि वीडियो अलिगढ़ के चण्डौस का है. कुछ कमेंट्स से हमें ये भी अंदाजा मिला कि ये मुहर्रम के दौरान का है.
अब आगे हमने क्लियर वर्जन वाले वीडियो के बैकग्राउंड में दिख रही दुकानों की बोर्ड के जरिए लोकेशन की पुष्टि की.
वीडियो अलिगढ़ के चण्डौस का है
सोर्स : स्क्रीनशॉट/इंस्टाग्राम/Google Street View
वीडियो का गगूल स्ट्रीट व्यू पर दिख रही लोकेशन से मिलान करने पर दोनों में पीछे प्रेम मेडिकल स्टोर का बोर्ड और बाकी समानताएं देखी जा सकती हैं. हमें कुछ स्थानीय न्यूज चैनलों पर चण्डौस में निकाले गए इस जुलूस से जुड़ी वीडियो रिपोर्ट्स भी मिलीं.
जून 2026 में सहेली से मिलकर लौट रही एक 13 साल की मासूम बच्ची को एक ई-रिक्शा चालक ने बहला-फुसलाकर होटलों के मालिकों और मैनेजरों के हवाले कर दिया था. बच्ची को करीब 5 दिनों तक अलग-अलग होटलों में बंधक बनाकर रखा गया. पुलिस जांच के मुताबिक, इस दौरान 30 से अधिक लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उसे जबरन नशीला पदार्थ या शराब पिलाई जाती थी. 22-23 जून को पुलिस ने बच्ची को रेस्क्यू किया.
पुलिस ने इस मामले में स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया है. अब तक 18 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें होटल मालिक, मैनेजर और दुष्कर्म के आरोपी शामिल हैं. बाकी बचे आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
प्रशासन ने अपराध में कथित तौर पर शामिल चार अवैध और अनधिकृत होटलों (जैसे होटल जॉय इन, होटल ड्रीम, होटल सफायर आदि) पर बुल्डोजर एक्शन भी किया है. हालांकि, केस की जांच अभी जारी है. ऐसा कोई अपडेट अब तक सामने नहीं आया है जिससे पुष्टि होती हो कि आरोपियों को फांसी की सजा हो चुकी है.
निष्कर्ष : उत्तरप्रदेश के अलिगढ़ में निकाले गए मुहर्रम के जुलूस के वीडियो को श्रीगंगानगर रेप केस से जोड़कर भ्रामक दावों से शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)