
advertisement
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) का पेपर लीक होने के बाद केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है. इस क्लिप में राजनाथ सिंह को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “मंत्री इस्तीफा नहीं देगा भाई इसमें. ये यूपीए सरकार नहीं है, ये एनडीए सरकार है.”
दावा: वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने यह बयान पेपर लीक होने और परीक्षा दोबारा कराए जाने के बाद दिया.
क्या दावा सही है ? : नहीं, यह वीडियो जून 2015 का है और इसका 2026 के NEET पेपर लीक मामले से कोई संबंध नहीं है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? : हमने राजनाथ सिंह के बयान को हिंदी कीवर्ड्स [“इसमें मंत्रियों के त्यागपत्र नहीं होते है भैया”] के साथ सर्च किय.।हमें 24 जून 2015 की NDTV की एक रिपोर्ट मिली.
रिपोर्ट में बताया गया था कि यह बयान ललित मोदी विवाद के संदर्भ में दिया गया था. यह मामला इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से जुड़े वित्तीय भ्रष्टाचार, मनी लॉन्ड्रिंग और टैक्स चोरी के आरोपों से जुड़ा था.
NDTV की 11 साल पुरानी रिपोर्ट
सोर्स : स्क्रीनशॉट/NDTV
राजनाथ सिंह मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे. इस दौरान कांग्रेस की मांग का मुद्दा आया, कांग्रेस ने तत्कालीन विदेश मंत्री और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा को हटाने की मांग उठाई थी. इसके जवाब में राजनाथ सिंह ने कहा था कि इस मामले में एनडीए सरकार, यूपीए सरकार की तरह काम नहीं करती.
ललित मोदी पर आरोप सामने आने के बाद स्वराज को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था, क्योंकि सुषमा स्वराज और मोदी परिवार के बीच दो दशक से ज्यादा पुराने संबंध थे. इससे जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए 2015 में प्रकाशित The Quint की रिपोर्ट देखी जा सकती है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिए गए सिंह के बयान की क्लिप Times Now के 24 जून 2015 की वीडियो रिपोर्ट के शुरुआती पांच सेकंड में सुनी जा सकती है.
NEET पेपर लीक: पेपर लीक मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि परीक्षा अब 21 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी. उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को पेपर हल करने के लिए अतिरिक्त 15 मिनट भी दिए जाएंगे.
प्रधान ने कहा कि “कमांड चेन में सेंध लगी है” और इस मामले में गड़बड़ी के लिए सख्ती अपनाई जाएगी.
उन्होंने यह भी माना कि व्यवस्था में सुधार की जरूरत है. धर्मेंद्र प्रधान ने आगे कहा, “गलती बिल्कुल नहीं होनी चाहिए और इसकी जिम्मेदारी हमारी है.”
निष्कर्ष: राजनाथ सिंह का 11 साल पुराना वीडियो इस गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि उन्होंने यह बयान मई 2026 में हुए NEET पेपर लीक के बाद दिया था.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)