
advertisement
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स भीड़ वाले इलाके में खड़ा चाकू लहराता दिख रहा है. जिसके बाद पुलिस उसे गोली मारती भी दिख रही है.
क्या है दावा?: कई यूजर्स ने वीडियो को उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) का बताकर शेयर किया है. साथ ही, दावे में सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) की प्रशंसा करते हुए ये भी बताने की कोशिश की जा रही है कि उनके शासन में तुरंत फैसला होता है.
वीडियो से जुड़ी क्वेरी हमारी WhatsApp टिपलाइन पर भी आई हैं.
सच क्या है?: वीडियो कर्नाटक के कलबुर्गी का है. जहां मोहम्मद फजल नाम के एक शख्स ने एक भीड़ वाले इलाके में चाकू लहराया था.
कथित तौर पर फजल ने अपना हथियार फेंकने से मना कर दिया था, जिसके बाद उसके पैरों में गोली मारी गई थी. हालांकि, उसे इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया था.
कलबुर्गी पुलिस कमिश्नर आर चेतन ने द क्विंट से पुष्टि की कि वीडियो कलबुर्गी का है. उन्होंने ये भी बताया कि फजल ने ऐसा क्यों किया? इसकी वजह पुलिस को अभी पता नहीं चली है.
हमने सच का पता कैसे लगाया?: कीवर्ड सर्च करने पर हमें The News Minute की एक वीडियो रिपोर्ट मिली.
इस रिपोर्ट में इस घटना का दूसरे एंगल से लिया गया वीडियो इस्तेमाल किया गया था. रिपोर्ट में घटना कर्नाटक के कलबुर्गी की बताई गई थी.
कलबुर्गी का है ये वीडियो
(सोर्स: TNM/Altered by The Quint)
TNM के मुताबिक, कलबुर्गी पुलिस ने 5 फरवरी को चाकू लहराने वाले एक शख्स को गोली मारी थी. पुलिस ने शख्स के पैर पर 3 गोलियां मारी थीं. इसके बाद, उसे अस्पताल भी ले जाया गया था.
Hindustan Times के मुताबिक, पुलिस ने उस शख्स की पहचान मोहम्मद फजल के तौर पर की थी. रिपोर्ट के मुताबिक, ये घटना करीब 9 बजे हुई थी.
द क्विंट ने कमिश्नर से भी संपर्क किया, जिन्होंने बताया कि वीडियो कलबुर्गी का ही है.
निष्कर्ष: साफ है कि वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं, बल्कि कर्नाटक के कलबुर्गी का है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9643651818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं)