
advertisement
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक युवक एक कश्मीरी विक्रेता के साथ चीख-पुकार कर बद्तमीजी के लहजे में बात करते हुए उसे डरा धमका रहा है. इस वीडियो को एक कश्मीरी के साथ हुई असली घटना का बताकर शेयर किया जा रहा है.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो असली नहीं है बल्कि स्क्रिप्टेड है.
वीडियो में नजर आ रहे युवक का नाम बादशाह खान है जो पेशे से खुद को एक रेसलर बताते हैं और इसी तरह के अन्य स्क्रिप्टेड वीडियो अपलोड करते रहते हैं.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें यही वायरल वीडियो बादशाह खान रेसलर नाम के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर यही वीडियो मिला.
वायरल वडियो में नजर आ रहा युवक खुद बादशाह खान ही है, हमें वायरल वीडियो के साथ एक अन्य वीडियो भी मिला जिसमें यह युवक (बादशाह खान) उसी कश्मीरी व्यक्ति से बात करता दिख रहा है.
इस वीडियो में यह युवक कश्मीरी में ड्राई फ्रूट विक्रेता से उसके हाल-चाल पूछता है, और साथ ही यह भी पूछता है कि उसके साथ मजाक किया था उसे यह वीडियो कैसे लगा. वायरल वीडियो में नजर आ रहा युवक कश्मीरी ड्राई फ्रूट विक्रेता से यह भी कहता है कि कोई दिक्कत या समस्या आए तो आप बादशाह खान को याद कर सकते हो."
badshah_khan_wrestler के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को चेक करने पर हमने पाया कि इस अकाउंट पर इस तरह की और भी स्क्रिप्टेड वीडियो अपलोड की गई है.
इस अकाउंट पर और भी स्क्रिप्टेड वीडियो अपलोड किए गए हैं.
(सोर्स - स्क्रीनशॉट/इंस्टाग्राम)
हमारी सर्च में हमें कुछ न्यूज रिपोर्ट (यहां और यहां ) मिली जिसके मुताबिक उत्तराखंड के देहरादून में एक 18 साल के कश्मीरी लड़के पर बेरहमी से हमला किया गया है. यह युवक अपने परिवार के साथ विकास नगर इलाके में शॉल बेच रहा था, तभी कथित तौर पर कुछ असामाजिक तत्वों ने उस पर हमला कर दिया.
इस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. लेकिन इस वीडियो का इस घटना से कोई संबंध नहीं है.
निष्कर्ष: कश्मीरी ड्राई फ्रूट विक्रेता को डराते-धमकाते युवक का वायरल वीडियो असली नहीं स्क्रिप्टेड है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)