
advertisement
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ लोग पानी में डूबते दिख रहे हैं. वीडियो में डूबते हुए लोग बच्चों को बचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं.
दावा : वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ये मध्यप्रदेश के जबलपुर में 30 अप्रैल 2026 को हुए क्रूज हादसे का है. इस हादसे में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 4 लोग अब भी लापता हैं.
क्या ये सच है ? : वायरल वीडियो न तो हाल का है और न ही जबलपुर में हुए क्रूज हादसे का. वीडियो बांग्लादेश में 2025 में हुए हादसे का है.
हमने ये सच कैसे पता लगाया ? : वायरल वीडियो को गूगल लेंस के जरिए सर्च करने पर हमें एक यूट्यूब चैनल पर यही वीडियो मिला. ये वीडियो 30 मार्च 2026 को अपलोड किया गया था. यहां से ये तो स्पष्ट हो गया कि वीडियो 30 अप्रैल 2026 को जबलपुर के बर्गी डेम में हुए हादसे का नहीं है.
30 मार्च को शेयर किया गया वीडियो
सोर्स : स्क्रीनशॉट/वीडियो
वीडियो के डिस्क्रिप्शन में चिट्टागांव लिखा हुआ था. यहां से अंदाजा लेकर हमने बांग्लादेश के चिट्टागांव में हुई ऐसी किसी घटना से जुड़ी रिपोर्ट्स सर्च करनी शुरू कीं. 2025 की ऐसी कई रिपोर्ट्स हमें मिलीं, जिनके विजुअल वायरल वीडियो से पूरी तरह मेल खाते हैं.
बांग्लादेश टाइम्स की रिपोर्ट का अंग्रेजी अनुवाद
सोर्स : स्क्रीनशॉट/Bangladesh Times
रिपोर्ट से स्पष्ट होता है कि मामला दिसंबर 2025 का है. जब बांग्लादेश के रंगामाटी स्थित काप्ताई झील में एक पर्यटक नाव पलट गई. हादसा सुबलोंग बाजार से लौट रही नाव के साथ हुआ था.
नाव में महिलाओं और बच्चों सहित करीब 20–22 लोग सवार थे. हादसे के समय यात्री नाव की छत पर थे और किसी ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी थी, लेकिन आसपास की नावों की मदद से सभी को सुरक्षित बचा लिया गया.
बांग्लादेश के स्थानीय न्यूज चैनलों पर 26 दिसंबर 2025 की कई वीडियो रिपोर्ट्स में भी यही वीडियो देखा जा सकता है.
निष्कर्ष : बांग्लादेश का 2025 का वीडियो, जबलपुर के हालिया हादसे का बताकर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)