
advertisement
दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर 2026 को कॉकरोच जनता पार्टी और लेफ्ट के कुछ संगठनों की ओर से मुख्य चुनाव आयोग ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन की घोषणा की गई थी. दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए थे जिस वजह से दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ देखने को मिली.
ऐसे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें कुछ महिला पुलिसकर्मियों और कुछ महिलाओं के बीच खींचातानी दिखाई गई है, इस वीडियो को CJP के हालिया प्रदर्शन का बताकर शेयर किया जा रहा है.
इस फेसबुक पोस्ट (आर्काइव) पर इस वीडियो को 10 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
वायरल वीडियो का जंतर-मंतर या कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है.
वायरल वीडियो का संबंध दिल्ली के रोहिणी में बुध विहार में गणेश नाम की युवक की हत्या की घटना से है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें journalist_vijaythakur नाम के इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट पर यह वीडियो मिला, जिसे 01 अगस्त 2026 को अपलोड किया गया था.
इस वीडियो के कैप्शन में लिखा था, "रोहिणी , बुद्ध विहार में हिन्दू युवक की मौत के बाद ...पुलिस से भिड़े परिजन."
यहां से अंदाजा लेकर हमने इससे संबंधित कीवर्ड्स सर्च किए, हमारी सर्च में हमें पंजाब केसरी और Delhi Uptodate News नाम के यूट्यूब चैनलों पर इस घटना से जुड़ी रिपोर्ट्स मिलीं.
इन रिपोर्ट्स के मुताबिक रोहिणी के बुध विहार में 01 अगस्त 2026 को गणेश नामक युवक का शव मिलने के बाद इलाके में तनाव फैल गया था और विरोध प्रदर्शन के दौरान परिजनों की पुलिस के साथ हाथापाई भी हुई थी.
इससे संबंधित कीवर्ड्स सर्च करने पर हमें ऐसी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट या पोस्ट नहीं मिली जिसमें इस वायरल वीडियो को कॉकरोच जनता पार्टी या किसी अन्य प्रदर्शन का बताया गया हो.
निष्कर्ष: दिल्ली के रोहिणी में महिला पुलिसकर्मियों और महिलाओं के बीच हुई हाथापाई के वीडियो को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन का बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)