
advertisement
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) भारत को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को हासिल करने में मदद करेगी.
यह वीडियो ऐसे समय में वायरल हो रहा है, जब पाक अधिकृत कश्मीर की सरकार ने आतंकवाद-विरोधी कानून के तहत जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) पर प्रतिबंध लगाया है.
क्या ये दावा सच है ? : नहीं, यह दावा सही नहीं है. वायरल वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और इसमें दिखाई गई फुटेज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का असली बयान नहीं दिखाती.
हमने ये सच कैसे पता लगाया?
हमने वायरल दावे से जुड़े कीवर्ड्स सर्च किए, हमें ऐसी कोई विश्वसनीय रिपोर्ट या वीडियो नहीं मिला, जिसमें अमित शाह यह कहते दिख रहे हों कि JAAC भारत को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को हासिल करने में मदद करेगी.
इसके बाद हमने वीडियो के कुछ फ्रेम्स को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया. इससे हमें अमित शाह का वो पूरा इंटरव्यू मिला, जिसका एक हिस्सा वायरल हो रहा है. ये इंटरव्यू India Today Conclave 2024 में हुआ था.
वीडियो में करीब 33 मिनट 26 सेकंड पर अमित शाह कहते हैं, “पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भारत का हिस्सा है. वहां के मुसलमान भी हमारे हैं और वहां के हिंदू भी हमारे हैं.”
हालांकि, वायरल वीडियो में जो दावा किया गया है कि अमित शाह JAAC की भूमिका का जिक्र कर रहे हैं, वह इस पूरे इंटरव्यू में कहीं मौजूद नहीं है. इससे साफ होता है कि वायरल वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और उसमें जोड़ा गया ऑडियो या दावा भ्रामक है.
India Today Conclave 2024 में हुए अमित शाह के इंटरव्यू का अधूरा हिस्सा वायरल है
सोर्स : स्क्रीनशॉट/यूट्यूब
हमने वायरल वीडियो को डीपफेक ऑडियो की पहचान करने वाले टूल Hiya Deepfake Voice Detector पर चेक किया. पता चला कि वीडियो के उस हिस्से में, जहां अमित शाह को JAAC के बारे में बोलते हुए सुनाया गया है, ऑडियो के डीपफेक होने की संभावना है.
टूल के विश्लेषण के अनुसार, अमित शाह के कथित बयान वाला यह हिस्सा संभवतः AI के जरिए बनाया गया है या उसमें छेड़छाड़ की गई है.
Hiya Deepfake Voice Detector के नतीजे
सोर्स : Hiya Deepfake Voice Detector/स्क्रीनशॉट
निष्कर्ष: हमारी पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक निकला. वायरल क्लिप में जो बयान JAAC के संबंध में जोड़ा गया है, वह मूल वीडियो में मौजूद नहीं है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)