
advertisement
एक वायरल वीडियो जिसमें 6 पुरुष एक महिला को सकड़ किनारे बुरी तरह पीटते दिख रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि जब ये वारदात हो रही है तभी वहां पर एक पुलिसकर्मी भी इस घटना को देखता है लेकिन कोई एक्शन नहीं लेता है. सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इसे जाति और धर्म के आधार पर उत्पीड़न का मामला बताया लेकिन लेकिन हमारी खोज में हमने पाया कि ये जाति या धर्म के आधार पर उत्पीड़न का मामला नहीं है. ये पति और पत्नी के बीच घरेलू मसलों के लेकर हुआ झगड़ा है.
वीडियो में 6 लोगों को महिला को पीटते हुए, लातें मारते हुए देखा जा सकता है. एक पुरुष महिला को लाठी से भी मारता है. वहां पर खड़े तमाशबीन घटना को देख रहे हैं. तभी दो लोग पुरुष को रोकने की कोशिश कर करते हैं. लेकिन इसी वीडियो में एक पुलिस वाला दिख रहा है जो किसी भी तरह का एक्शन नहीं ले रहा है.
एक ट्विटर यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया किया कि- 'ये दलित महिला के साथ अन्याय किया जा रहा है और पुलिस एक्शन क्यों नहीं लेती?'
इस खबर को लिखे जाने के पहले तक इस ट्वीट को साढ़े पांच हजार से ज्यादा लोग देख चुके हैं और 228 लोग रीट्वीट भी कर चुके हैं.
हमने ये भी पाया कि ये वीडियो मई में भी इस दावे के साथ वायरल हुआ था कि वीडियो में पिट रही महिला मुस्लिम है.
इसी दावे के साथ कई लोगों ने इसे फेसबुक पर भी शेयर किया.
ट्वीट पर लिखे हुए मैसेज से क्विंट को पता चला कि ये वीडियो उत्तर प्रदेश के बलरामपुर का है. की वर्ड से सर्च करने पर हमें पता चला कि ये घटना 23 मई को रेहरा बाजार में घटित हुई है.
न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक वीडियो में जो शख्स महिला को पीट रहा है वही महिला का पति है और उसके अगल-बगल खड़े लोग उसके रिश्तेदार हैं. रिपोर्ट के मुताबिक पति अशोक कुमार और पत्नी सुशीलादेवी में उनके घर में लगी इलेक्ट्रिसिटी केबल को लेकर झगड़ा हुआ. इसी झगड़े की वजह से बाद में ये लोग महिला को मारने लगे.
रेहरा बाजार पुलिस स्टेशन के के सुरेश दीवान ने क्विंट को इस घटना के बारे में कंफर्म किया. साथ ही उन्होंने इस घटना में शामिल लोगों के नाम और पहचान भी बताईं. उन्होंने ये भी बताया कि इस मामले में जाति या फिर धर्म का कोई एंगल नहीं था. साथ ही जो महिला वीडियो में पिटते हुए दिख रही है वो दलित या मुस्लिम नहीं है.
जिस दिन ये घटना घटी उसी दिन पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था. बलरामपुर के एसपी देव रंजन वर्मा ने बताया कि ये वायरल वीडियो 23 मई का है. एसपी ने बताया कि 'थाना रेहरा बाजार में महिला के साथ हुई मारपीट की घटना के संबंध में तत्काल अभियोग पंजीकृत कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है'.
इसलिए साफ है कि पति पत्नी के बीच घरेलू मामलों को लेकर हुए झगड़े का वीडियो लोगों ने गलत दावों के साथ वायरल करा दिया. न तो इस घटना का जाति विशेष से कोई लेना देना है और न ही धर्म से.