advertisement
मॉडल और पूर्व मिस इंडिया टॉप 21 फाइनलिस्ट ऐश्वर्या श्योराण के यूपीएससी में 93वी रैंक हासिल करने के बाद से इंस्टाग्राम पर उनके कई फेक प्रोफाइल बन गए हैं.
क्विंट ने पाया कि इंस्टाग्राम पर करीब चार ऐसे अकाउंट हैं, जो खुद को ऐश्वर्या श्योराण बता रहे हैं.
इनमें से ‘aishwaryasheoran’ नाम के एक अकाउंट में ऐश्वर्या की फोटो प्रोफाइल पिक्चर में लगी है और ये पब्लिक है. हालांकि ये अकाउंट प्राइवेट है. इस स्टोरी को पब्लिश को लिखे जाने तक इसपर 3 पोस्ट हुए थे और 44 फॉलोअर्स थे.
एक ऐसे ही दूसरे अकाउंट, ‘aishwarya.sheoran’ में बायो में लिखा है, “Aishwarya Sheoran, Femina Miss India Finalist’16, UPSC ALL INDIA RANK 93”. इस अकाउंट में पिछले 24 घंटे में दो पोस्ट किए गए हैं, और ये अकाउंट पब्लिक है.
इसमें एक फोटो जहां ऐश्वर्या की है, वहीं दूसरा एक पोस्ट है, जो सबसे पहले फेमिना मिस इंडिया के ऑफिशियल अकाउंट से किया गया था.
हमें एक और अकाउंट मिला, जो ‘aishwaryasheoranias’ नाम से था. इस अकाउंट ने खुद को ऐश्वर्या का ऑफिशियल अकाउंट बताया है.
हमने पाया कि इस अकाउंट पर केवल एक पोस्ट था, जो 5 अगस्त 2020 को किया गया था. इस पोस्ट में एक फोटोशूट की दो तस्वीरें थीं. कॉपी लिखे जाने तक इस अकाउंट के 1,637 फॉलोअर्स थे.
इंस्टाग्राम पर ‘iasaishwaryasheoran’ नाम से भी एक अकाउंट है, जिसमें 5 अगस्त की शाम दो पोस्ट किए गए हैं. ये तस्वीरें दूसरे अकाउंट द्वारा भी पोस्ट की गई हैं.
ऊपर दिए गए अकाउंट्स में से एक में लिखा है कि वो दो साल बाद अपना अकाउंट रिएक्टिवेट कर रही हैं, लेकिन हमने देखा कि कुछ यूजर्स ने पोस्ट पर लिखा है कि ये अकाउंट फेक है.
इसके अलावा, हमने पाया कि इन सभी अकाउंट्स में ऐश्वर्या की फोटो उनके मॉडलिंग करियर और मिस इंडिया के दिनों की है. ये भी गौर करने वाली बात है कि इन सभी अकाउंट्स ने 4 अगस्त के बाद पोस्ट करना शुरू किया, जब UPSC का रिजल्ट घोषित किया गया था.
हमने ऐश्वर्या से संपर्क किया, जिन्होंने कंफर्म किया कि इनमें से कोई भी अकाउंट इनका नहीं है.
ऐश्वर्या ने ये भी बताया कि रिजल्ट आने के बाद भी वो किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नहीं लौटी हैं.
करीमनगर में NCC तेलंगाना बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर, कर्नल अजय कुमार की बेटी ऐश्वर्या ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से पढ़ाई की है. 2014 में दिल्ली टाइम्स फ्रेश फेस विनर और 2016 मिस इंडिया की फाइनलिस्ट रह चुकीं ऐश्वर्या की सिविल सर्विस एग्जाम 2019 में ऑल इंडिया रैंक 93 आई है. यूपीएससी का रिजल्ट 4 अगस्त 2020 को जारी किया गया था.
ऐश्वर्या ने बताया कि IAS अफसर बनना उनके बचपन का सपना था. उन्होंने कहा, “मुझे एग्जाम में फोकस करने के लिए अपना फोन, सोशल मीडिया और सब बंद करना पड़ता था, अब रिजल्ट सबके सामने है. लेकिन ये ऐसा नहीं है कि मुझे अचानक से पढ़ाई में इंट्रेस्ट आ गया. मैं हमेशा से पढ़ाई में अच्छी थी.”
इससे साफ होता है कि ऐश्वर्या किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नहीं हैं, और उनके सभी प्रोफाइल फेक हैं.