
advertisement
सोशल मीडिया पर जापान के दिवंगत प्रधानमंत्री शिंजो आबे (Shinzo Abe) के निधन के बाद एक शख्स की फोटो वायरल हो रही है. दावा किया जा रहा है कि ये वही शख्स है जिस पर गोली मारकर शिंजो आबे की हत्या का आरोप है. हालांकि हमारी पड़ताल में सामने आया कि फोटो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है.
ये सच है कि शिंजो आबे पर हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी कई तस्वीरें भी पब्लिक डोमेन में आ चुकी हैं. लेकिन, वायरल हो रही फोटो अमेरिकी कॉमेडियन और एक्टर सैम हाइड (Sam Hyde) हैं.
यहां बता दें कि 8 जुलाई को जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रह चुके शिंजो आबे को 40 वर्षीय तेत्सुया यमागमी ने गोली मार दी थी. तेत्सुया को पुलिस ने तुरंत मौका ए वारदात से ही गिरफ्तार कर लिया था.
फोटो के साथ शेयर हो रहा कैप्शन है : #ShinzoAbe's shooter identified as Samzuki Hydaiko. "A known political extremist and Yakuza member"
कैप्शन का हिंदी अनुवाद कुछ यूं होगा ''शिंजो आबे पर हमला करने वाले की पहचान Samzuki Hydaiko के रूप में हुई है. जो ककि एक राजनीतिक अतिवादी और याकूजा का सदस्य है''
वायरल फोटो को गूगल पर रिवर्स सर्च करने से हमें 29 सितंबर 2018 को यूट्यूब पर अपलोड किया गया एक वीडियो मिला. वीडियो के फ्रेम्स को वायरल फोटो से मिलाने पर साफ हो रहा है कि वायरल फोटो और वीडियो में दिख रहा शख्स एक ही है.
वायरल फोटो में दिख रहा शख्स
फोटो : Altered by Quint
2018 के इस वीडियो के कैप्शन और डिस्क्रिप्शन से हमें अंदाजा हुआ कि वायरल फोटो में दिख रहे शख्स का नाम सैम हाइडे (Sam Hyde) है. क्योंकि टाइटल और डिस्क्रिप्शन में यही नाम लिखा हुआ था.
वायरल फोटो में सैम हाइडे हैं
फोटो : Altered by Quint
शिंजो पर हमला करने वाले शख्स की पहचान 40 वर्षीय तेत्सुया यमागमी (Tetsuya Yamagami) के रूप में हुई है,. हमलावर से पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक हमले की वजह का पता नहीं चल पाया है.
जापानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर करीब तीन सालों तक 2005 में समुद्री आत्मरक्षा बल का सदस्य रहा था. चश्मदीदों की मानें तो जब शिंजो भाषण दे रहे थे, तो वह आदमी पीछे से आबे के पास पहुंचा. और पहले उसने एक गोली मारी और फिर दूसरी गोली, जिसके लगते ही शिंजो जमीन पर गिर पड़े.
आरोपी तेत्सुया यमागमी की कई तस्वीरें सामने आ चुकी हैं. इस शख्स की कदकाठी साफतौर पर वायरल फोटो में दिख रहे कॉमेडियन से बिल्कुल अलग है. ये दावा बिल्कुल बेबुनियाद है कि वायरल फोटो में दिख रहा शख्स शिंजो आबे की हत्या का आरोपी है.
इस फोटो में ग्रे रंग की टीशर्ट पहना हाथ में बंदूक लिया हुआ शख्स वही तेत्सुया यमागमी है जिसने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को गोली मारी.
साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही फोटो में अमेरिकी कॉमेडियन सैम हाइडे हैं, शिंजो आबे की हत्या का आरोपी तेत्सुया यमागमी नहीं.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9643651818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं)