
advertisement
NEET पेपर लीक मुद्दे को लेकर 'कॉकरोच जनता पार्टी' देश के अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शन कर रही है. कॉकरोच जनता पार्टी के एक संस्थापक अभिजीत दीपके अमेरिका से भारत लौटकर इन प्रदर्शनों में हिस्सा ले रहे हैं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
दावा: इस बीच सोशल मीडिया पर पीएम नरेंद्र मोदी और अभिजीत दीपके की तस्वीर शेयर की जा रही है, जिसमें दोनों को हाथ मिलाते हुए देखा जा सकता है.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह तस्वीर असली नहीं है बल्कि इसे एडिट किया गया है.
अभिजीत दीपके ने खुद इस तस्वीर का खंडन करते हुए इसे फर्जी बताया है.
अभिजीत दीपके और पीएम मोदी के मुलाकात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने तस्वीर से सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च किए. हमारी सर्च में हमें ऐसी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली जिसमें पीएम मोदी और अभिजीत दीपके की यह तस्वीर हो या उनके पीएम मोदी से मुलाकात की पुष्टि की गई हो.
इससे सम्बंधित कीवर्ड सर्च करने पर हमें मराठी न्यूज चैनल को दिया गया अभिजीत दीपके का 11 जून 2026 का यह वीडियो इंटरव्यू मिला जिसमें उन्हें मराठी में यह कहते हुए सुना जा सकता है, "मुझे लगता है कि वह फोटो AI से बनी होगी. मैंने वह फोटो अभी तक नहीं देखी है.आज तक मैं प्रधानमंत्री मोदी से कभी नहीं मिला हूं. मैं बहुत मामूली इंसान हूं, तो भला मैं देश के प्रधानमंत्री से कैसे मिल सकता हूं?"
इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च करने पर हमें संजय राउत की यह फेसबुक पोस्ट मिली जिसमें अभिजीत दीपके की यही तस्वीर थी, दीपके ने यह बयान इसी पोस्ट के संदर्भ में दिया था.
हमारी सर्च में हमने अभिजीत दीपके के इंस्टाग्राम और X अकाउंट चेक किया, हमारी सर्च में हमें दीपके के सोशल मीडिया एकाउंट्स पर ऐसी कोई तस्वीर नहीं मिली.
यहां से अंदाजा लगाकर हमने इस तस्वीर को AI से बने कंटेंट की पहचान करने वाली वेबसाइट Deepfake-O-Meter पर चेक किया. यहां AI से बनी तस्वीरों की पहचान करने वाले दो अलग-अलग टूल्स ने इस तस्वीर के AI से बने होने की 50 प्रतिशत से ज्यादा संभावना जताई.
हालांकि कुछ टूलस ने इस तस्वीर के AI से बने होने की बेहद कम संभावना जताई.
इस तस्वीर से AI से बने होने की संभावना जताई गई है.
(सोर्स - स्क्रीनशॉट/Deepfake-O-Meter)
कुछ टूल्स ने इस तस्वीर के AI के सिवा अन्य तरीकों से भी एडिट कर बनाने की संभावना जताई. हमारी पड़ताल में हम यह पुष्टि नहीं कर पाए कि इस तस्वीर को AI की मदद से बनाया गया है या नहीं लेकिन यह जरूर साफ है कि यह वायरल तस्वीर असली नहीं बल्कि एडिटेड है.
निष्कर्ष: पीएम मोदी और कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के मुलाकात की तस्वीर असली नहीं है एडिटेड है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)