
advertisement
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें भीषण आगजनी और सड़क पर लोगों के बीच अफरातफरी देखी जा सकती है. वीडियो पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद का बताया जा रहा है.
दावा : वीडियो को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं. कुछ यूजर्स का दावा है कि ये जनता की तरफ से TMC के खिलाफ हुए प्रदर्शन का है, तो कुछ यूजर्स का दावा है कि वीडियो में दिख रहे लोग बीजेपी कार्यकर्ता हैं, जो चुनाव नतीजों के बाद हिंसा कर रहे हैं.
डयूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, TMC नेता महुआ मोइत्रा समेत कांग्रेस और TMC से जुड़े कई अकाउंट्स ने भी वीडियो को चुनाव नतीजों के असर का बताकर शेयर किया. यही दावा करते अन्य पोस्ट के अर्काइव यहां और यहां देखें.
डिजिटल प्लेटफॉर्म BRUT की तरफ से वीडियको बंगाल चुनाव नतीजों के बाद का बताया गया. इसके बाद यूट्यूबर ध्रुव राठी ने BRUT के वीडियो को शेयर किया.
क्या ये सच है ? : नहीं, वायरल हो रहा वीडियो अप्रैल 2026 से ही इंटरनेट पर है. जाहिर है इसका बंगाल चुनाव के नतीजों से कोई संबंध नहीं है. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई 2026 को आए थे.
हमने ये सच कैसे पता लगाया ? : वायरल वीडियो को गूगल लेंस के जरिए सर्च करने पर हमें 26 अप्रैल 2026 के एक इंस्टाग्राम पोस्ट में यही वीडियो मिला. इस पोस्ट में वीडियो को पश्चिम बंगाल के 24 साउथ परगना के इलाके मेतियाब्रुज का बताया गया है.
अप्रैल 2026 से इंटरनेट पर है ये वीडियो
यहां से ये स्पष्ट हो गया कि वीडियो बंगाल के हालिया चुनाव के नतीजों के पहले से ही इंटरनेट पर है. तो जाहिर है वायरल हो रहा दावा सच नहीं है.
25-26 अप्रैल की कुछ न्यूज रिपोर्ट्स हमें मिलीं, जिनसे पुष्टि होती है कि 24 परगना के मेतियाब्रुज रेलवे लाइन के बास स्थित झुग्गी-बस्ती में आग लगने की घटना हुई थी. लेकिन, ये पुष्टि नहीं होती कि वीडियो इसी घटना का है या नहीं. पर चूंकि वीडियो चुनाव नतीजों से पहले से ही इंटरनेट पर है, ये साफ है कि सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा सच नहीं है,
निष्कर्ष : सोशल मीडिया पर किया जा रहा ये दावा गलत है कि वायरल वीडियो पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद हुई हिंसा का है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)