
advertisement
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में 10 अप्रैल 2026 को एक नाबालिग बच्ची के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया गया. इस घटना को सांप्रदायिक दावों के साथ जोड़कर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया.
दावा: OpIndia समेत कुछ अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा किया की नाबालिग से स्कूल के मैनेजर नइमुद्दीन ने रेप किया.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
नाबालिग से रेप के आरोप में सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है.
नईमुद्दीन अंसारी को पुलिस ने शुरुआत में हिरासत में लिया था लेकिन आगे की जांच के बाद नईमुद्दीन को बेकसूर मान कर छोड़ दिया गया था और सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार बनाया गया था.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने इस घटना से सम्बंधित कीवर्ड्स इंटरनेट पर सर्च किए. हमारी सर्च में हमें दैनिक भास्कर की यह न्यूज रिपोर्ट मिली जिसमें इस वायरल घटना का जिक्र करते हुए आरोपी का नाम सुरेंद्र सिंह का बताया गया था.
इसके सिवा हमें Zee News की न्यूज वेबसाइट Salaam TV पर इस घटना के बारे में यह विस्तृत न्यूज रिपोर्ट मिली. इस रिपोर्ट में लिखा था कि, "पुलिस जांच में स्कूल हेडमास्टर नईमुद्दीन अंसारी बेगुनाह हैं, वहीं आरोपी सुरेंद्र सिंह ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है."
इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च को जारी रखने पर हमें कुशीनगर पुलिस के आधिकारिक X अकाउंट पर 13 अप्रैल 2026 की यह पोस्ट मिली, जिसमें नाबालिग बच्ची से रेप के आरोपी का नाम सुरेंद्र सिंह बताया गया था.
मामले की पुष्टि के लिए हमने तरायासुजन पुलिस स्टेशन से भी संपर्क किया गया. SHO राम सहाय चौहान ने वायरल दावों का खंडन करते हुए वेबकूफ से पुष्टि करते हुए कहा कि इस घटना में किसी भी तरह का सांप्रदायिक एंगल शामिल नहीं है और आरोपी तथा पीड़ित, दोनों ही एक ही समुदाय से ताल्लुक रखते हैं.
निष्कर्ष: कुशीनगर में नाबालिग छात्रा से रेप के मामले को गलत सांप्रदायिक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)