
advertisement
सोशल मीडिया पर एक वडियो वायरल हो रहा है जिसमें दो महिलाएं पुलिस की मौजूदगी में हंगामा करते हुए नजर आ रही हैं.
दावा: इस वीडियो को दिल्ली के उत्तम नगर में हुए तरुण हत्याकांड से जोड़कर इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि, "ये वही महिला है जिसकी वजह से तरुण खटिक की जान गई."
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो दिल्ली के उत्तमनगर का नहीं है बल्कि वाराणसी के दालमंडी का है.
वायरल वीडियो का तरुण हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है इस वीडियो में यह महिलाएं वाराणसी के दालमंडी में मकानों और दुकानों की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का विरोध कर रही हैं.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें दैनिक भास्कर की यह न्यूज रिपोर्ट मिली जिसमें वायरल वीडियो में नजर आ रही महिलाएं भी देखीं जा सकती थी.
वायरल वीडियो में नजर आ रही महिलाओं को दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में देखा जा सकता है.
(सोर्स - स्क्रीनशॉट/Altered By The Quint)
यहां से अंदाजा लगाकर हमने वायरल वीडियो से सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च किए. हमारी सर्च में हमें यही वीडियो Khoj Khabariya नाम के फेसबुक पेज पर 10 फ़रवरी 2026 को गई इस पोस्ट में मिली. इस वीडियो के कैप्शन में लिखा था कि, "दालमंडी में जब घर के बेटे को ले गई पुलिस, महिलाओं की बेबसी में छलका दर्द."
हमें 10 फरवरी 2026 की अमर उजाला की यह न्यूज रिपोर्ट मिली जिसमें वायरल वीडियो में नजर आ रही महिलाओं को देखा जा सकता था. इस रिपोर्ट में लिखा था कि दालमंडी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान महिलाओं ने किया विरोध.
वायरल वडियो में नजर रहीं महिलाओं को यहां देखा जा सकता है.
(सोर्स - स्क्रीनशॉट/अमर उजाला)
तरुण हत्याकांड: मीडिया में छपी रिपोर्ट के मुताबिक 4 मार्च को दिल्ली के उत्तम नगर में होली के रंग के छीटें लगने के बाद 26 वर्षीय तरुण बुटोलिया की हत्या कर दी गई. इस घटनाक्रम को देखते हुए द्वारका जिला पुलिस ने उत्तम नगर की घटना के मद्देनजर सभी नागरिकों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और बिना पुष्टि वाली जानकारियों पर भरोसा न करने और उन्हें शेयर न करने की अपील की है.
इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने इस केस के बारे में जानकारी देते हुए बताया था कि 2 नाबालिग समेत कुल 14 आरोपियों को हिरासत में लिया है.
The Hindu में छपी रिपोर्ट के मुताबिक तरुण की हत्या 04 मार्च 2026 को हुई है जबकि यह वायरल वीडियो 10 फरवरी 2026 से इंटरनेट पर मौजूद है. जिससे यह साफ है कि वायरल वीडियो का दिल्ली के उत्तमनगर में हुए तरुण हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है.
निष्कर्ष: वाराणसी के दालमंडी में विरोध कर रहीं महिलाओं के वीडियो को दिल्ली के उत्तम नगर का बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)