
advertisement
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें एक उग्र और हिंसक भीड़ को कुछ मुस्लिम लोगों के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है.
दावा: इस वीडियो को नेपाल की घटना का बताकर शेयर किया जा रहा है और दावा किया जा रहा है कि इस वीडियो में नेपाल के हिंदुओ को मुसलमानों को पीटते हुए देखा जा सकता है.
क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.
यह वीडियो नेपाल नहीं बल्कि बांग्लादेश का है.
यह वीडियो बांग्लादेश के ढाका का है और इसमें बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के समर्थक कथित तौर पर 4 जुलाई 2026 को बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के जबरन वसूली-विरोधी जुलूस पर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं.
हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें Channel 24 नाम के बांग्लादेशी न्यूज पर यह वीडियो मिली, जिसमें वायरल वीडियो से मेल खाते हुए दृश्य थे.
यह वीडियो इस चैनल पर 04 जुलाई 2026 को अपलोड किया गया था और इसके टाइटल में लिखा था, "BNP ने गुलिस्तान में जमात के जुलूस पर हमला किया #Jamaat #BNP #Attack."
न्यूज रिपोर्ट्स: यहां से अंदाजा लेकर इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च किए. हमारी सर्च में हमें इस घटना के बारे में बांग्लादेश की 04 जुलाई 2026 की यह न्यूज रिपोर्ट मिली. इस रिपोर्ट में लिखा था कि "ढाका के गुलिस्तान में जबरन वसूली और अवैध कब्जे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यकर्ताओं द्वारा हमले के आरोप लगे हैं."
लोकेशन की पहचान: इन न्यूज रिपोर्ट्स में दी गई लोकेशन की जानकारी के आधार पर हमने गूगल मैप्स पर ढाका के गुलिस्तान इलाके को सर्च किया. हमारी सर्च में हमें बांग्लादेश के ढाका में जात्राबारी-गुलिस्तान फ्लाईओवर मिला, जो वायरल वीडियो में दिखाई गई लोकेशन से मेल खा रहा था.
वायरल वीडियो में नजर आ रहा नीला पिलर और उसके पीछे के इमारते इस लोकेशन से मेल खा रहीं थीं.
यह लोकेशन बांग्लादेश के ढाका की है.
(सोर्स - स्क्रीनशॉट/Altered By The Quint)
निष्कर्ष: बांग्लादेश में आपसी झगड़े का वीडियो नेपाल में हुई सांप्रदायिक घटना का बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)