

advertisement
भारत बायोटेक ने 12 जून तक केंद्र सरकार को सिर्फ 2.8 करोड़ कोवैक्सीन डोज ही सप्लाई की हैं, जबकि मई के अंत तक कंपनी को 8 करोड़ डोज सप्लाई करने का ऑर्डर दिया गया था. सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविड फाइल कर ये जानकारी दी है. कोविन डैशबोर्ड में दिखता है कि अब तक कोवैक्सीन के सिर्फ 3.82 करोड़ डोज दिए गए हैं. इसमें केंद्र सरकार के अलावा राज्य सरकारों और प्राइवेट हॉस्पिटल द्वारा दिए गए कोविड वैक्सीन डोज भी शामिल हैं.
इकनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इसके बावजूद सरकार ने जून महीने की शुरुआत में भी अलग से 19 करोड़ वैक्सीन का ऑर्डर डाला था, इसकी सप्लाई अगस्त में शुरू होने की उम्मीद है.
अगर भारत बायोटेक की सप्लाई की सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की सप्लाई से तुलना करके देखें तो कोविशील्ड बनाने वाली कंपनी सीरम ने बेहतर प्रदर्शन किया है. कंपनी मई तक 17.07 करोड़ डोज सप्लाई कर चुकी है. एफिडेविड के मुकाबले सीरम ने जनवरी से मार्च के बीच 5.6 करोड़ के ऑर्डर की पूरी सप्लाई दे दी थी. इसके बाद मई से मार्च तक सीरम ने 10 करोड़ डोज और सप्लाई किए और फिर इसके बाद कंपनी ने 3.74 करोड़ डोज और सप्लाई किए.
सरकार को उम्मीद है कि जुलाई में उसे 20-22 करोड़ वैक्सीन मिल सकती हैं. जून में सरकार को करीब सिर्फ 12 करोड़ वैक्सीन ही मिल सकी थीं. लेकिन जुलाई वाला आंकड़ा तभी जमीन पर उतर सकता है जब भारत बायोटेक अपनी प्रोडक्शन कैपेसिटी में बढ़ोतरी करे.
सरकार की तरफ से पिछले हफ्ते कहा गया था कि भारत बायोटेक जुलाई में 10 करोड़ वैक्सीन डोज सप्लाई कर सकती है. लेकिन ये अभी अनुमान ही है.
हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि वो भारत बायोटेक के प्रोडक्शन में कमी से नाराज हैं. जरूरत है कि कोवैक्सीन के प्रोडक्शन की सरकार जांच करे. ऑल इंडिया ड्रग एक्शन नेटवर्क की को-कन्वीनर मालिनी ऐसोला का कहना है कि-
केंद्र सरकार ने अपने एफिडेविड में कहा है कि अगस्त से दिसंबर के बीच भारत बायोटेक 40 करोड़ डोज का प्रोडक्शन करेगी.
पिछले महीने भारत बायोटेक ने कहा था कि कोवैक्सीन की प्रोडक्शन और सप्लाई में कई प्रक्रियाओं और मंजूरियों की वजह से ज्यादा वक्त लग रहा है. कंपनी ने बताया था कि कोवैक्सीन का बैच मैन्यूफैक्चरिंग, टेस्टिंग और रिलीज होने में 120 दिन का वक्त लगता है. ये टेक्नोलॉजी फ्रेमवर्क और रेगुलेटरी गाइडलाइंस पर निर्भर करता है.
नीति आयोग की स्वास्थ्य समिति के सदस्य और वैक्सीन प्लान के चीफ वीके पॉल ने मई महीने के शुरुआत में कहा था कि दिसंबर तक वैक्सीन की 216 करोड़ डोज मिल सकती है. कोविशील्ड के बारे में कहा गया कि अगस्त से दिसंबर के बीच सीरम से 75 करोड़ डोज मिलने की उम्मीद है. कोवैक्सीन से 55 करोड़ डोज की उम्मीद है.
Published: 28 Jun 2021,03:02 PM IST